हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

भिलाई। जन संस्कृति मंच, दुर्ग-भिलाई के तत्वावधान में ‘सृजन संवाद’ के तहत युवा कवियों के कवितापाठ और उनकी कविताओं पर परिचर्चा का महत्वपूर्ण आयोजन भिलाई होटल स्थित कॉफी हाउस में सम्पन्न हुआ।
प्रसिद्ध आलोचक सियाराम शर्मा ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में युवा कवियों को बधाई देते हुए उन्हें महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि आज प्रस्तुत कविताओं में प्रेम और प्रतिरोध दोनों की उपस्थिति रही। उन्होंने समकालीन कविता के सार्थक सृजन के लिए निरंतर अध्ययन और पठन को आवश्यक बताया।

जन संस्कृति मंच छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष रूपेंद्र तिवारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि युवा कवि पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कविता लिख रहे हैं। उनकी बेचैनी, छटपटाहट और समकालीन परिस्थितियों के प्रति उनकी प्रतिक्रियाएँ कविताओं में अभिव्यक्त हो रही हैं। उन्होंने कविताओं पर संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए विशिष्टताओं और कमजोरियों की ओर ध्यान आकृष्ट किया।
जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय सचिव राजकुमार सोनी ने कविताओं पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि युवा कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से अपने समय और उसकी चुनौतियों को दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने युवा रचनाकारों से आह्वान किया कि वे मौजूदा खौफनाक समय से मुठभेड़ करने वाली कविताओं का निरंतर सृजन करते रहें। कविता अपने समय के सवालों से टकराने और प्रतिरोध की आवाज बुलंद करने का सशक्त माध्यम है।
सहा. प्राध्यापक अभिषेक पटेल ने प्रस्तुत कविताओं की प्रवृत्तियों और विषयों पर सार्थक टिप्पणी दी।
युवा आलोचक अंबरीश त्रिपाठी ने कहा कि प्रतिभागी युवा कवियों की कविताएँ ठहरने के लिए बाध्य करती हैं और सवाल उठाती हैं।

युवा कवियों ने किया कवितापाठ
सृजन संवाद के इस आयोजन में युवा कवि-कवयित्रियों ने अपनी प्रतिनिधि चुनींदा कविताओं का पाठ किया।
कार्यक्रम का संयोजन अशोक तिवारी, संचालन सुलेमान खान और आभार प्रदर्शन सुरेश वाहने ने किया।
इस आयोजन में अंचल के सुपरिचित साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी, रंगकर्मी, पत्रकार सहित सुधि पाठकों की उपस्थिति रही, जिसमें वासुकि प्रसाद उन्मत्त, मीता दास, विद्याभूषण, एन. पापाराव, सुबोध देवांगन, विजय वर्तमान, हरजिन्दर सिंह मोटिया, मुमताज, शरद कोकास, बृजेन्द्र तिवारी, जाकिर हुसैन, जितेन्द्र सिंह, अनिल कुमार देवांगन, राजेश पटेल, मुदित, योगेन्द्र साहू, युवराज सोनी, हितेन्द्र साहू, ज्योति तिवारी, अवनी ओगरे, पुष्पा घृतलहरे, पूजा ओगरे, तेजेश्वर साहू आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।