मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना: भिलाई निगम से चयनित तीर्थयात्रियों को दुर्ग स्टेशन से किया रवाना


भिलाईनगर। मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत नगर पालिक निगम भिलाई से चयनित तीर्थयात्रियों को आज दुर्ग रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। निगम द्वारा चयनित रेखा यादव एवं श्रीमती पार्वती निर्मलकर को विधिवत विदाई देकर यात्रा पर भेजा गया।

इस तीर्थयात्रा के दौरान दोनों तीर्थयात्री देश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान उन्हें माता वैष्णो देवी के पावन दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसके साथ ही वे अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकेंगी तथा देश की अंतरराष्ट्रीय सीमा वाघा बॉर्डर का भी भ्रमण करेंगी।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से सुखराम यादव, त्रिलोक ताम्रकार एवं उमेश निर्मलकर उपस्थित रहे। सभी ने तीर्थयात्रियों को मंगलमय एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को प्रदेश एवं देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।