शपथ फाउंडेशन की अनूठी पहल: दीपावली पर दो महिलाओं को दी सिलाई मशीन, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम


10 सालों से सेवा में समर्पित संस्था, 100 दिव्यांगजनों को दे चुकी है ट्राइसाइकिल

भिलाई। दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां बांटने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शपथ फाउंडेशन ने दो जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक नई सौगात दी।

संस्था द्वारा शंकरपारा दुर्ग निवासी सुमिन लता बंजारे एवं कृष्णा नगर निवासी ममता फाये को सिलाई मशीन भेंट की गई। संस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर घर से ही रोजगार शुरू करने का अवसर देना है, ताकि वे सम्मान के साथ अपनी आजीविका अर्जित कर सकें।

उल्लेखनीय है कि शपथ फाउंडेशन पिछले 10 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। संस्था विशेष रूप से दिव्यांगजनों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए कार्य कर रही है और अब तक 100 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर चुकी है। संस्था का मानना है कि तात्कालिक सहायता से ज्यादा जरूरी व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एफएसएनएल के महाप्रबंधक पंकज त्यागी अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के मार्गदर्शक पूर्व सीएसपी वीरेंद्र सतपथी, साडा के पूर्व उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, इरफान खान सहित अध्यक्ष अशोक गुप्ता, अमिताभ भट्टाचार्य, विकास जायसवाल, अशोक साहू, मोहन राव, रश्मि सागर, उर्मिला उपाध्याय, राजेश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।