भिलाई में दिवाली पर “घर-घर बांटें रोशनी और फैलाएं खुशियां” अभियान चलाएगा वरिष्ठजन कल्याण महासंघ


भिलाई। वरिष्ठजन कल्याण महासंघ की बैठक 2 नवंबर को इंडियन कॉफी हाउस सुपेला में अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में दिवाली पर “घर-घर बांटें रोशनी और फैलाएं खुशियां” अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत जरूरतमंदों को दीये, तेल, बाती, अगरबत्ती, खाद्य सामग्री, फल-फूल, खील-बताशे और बच्चों के लिए प्रदूषण रहित फुलझड़ी-पटाखे के पैकेट बांटे जाएंगे। सदस्य छोटे-छोटे समूहों में जाकर वितरण करेंगे।

वोकल फॉर लोकल पर जोर
महासंघ ने दिवाली की खरीदारी स्थानीय फुटकर विक्रेताओं से करने और लोगों को प्रेरित करने का निर्णय लिया।

राज्य अलंकरण पर बधाई
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026 से सम्मानित पंडवानी गायक चेतन देवांगन, साहित्यकार दुर्गा प्रसाद पारकर, लोककलाकार डॉ पुरुषोत्तम चंद्राकर और लोकगायिका साधना यादव को बधाई दी गई।

बैठक में महासचिव गोपाल प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, आचार्य डॉ महेशचंद्र शर्मा, संतोष शुक्ला समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। अंत में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर 2 मिनट मौन रख श्रद्धांजलि दी गई।