शक्कर के लिए तरसे राशनकार्डधारी, नंबर बदलने से बढ़ी मुसीबत : अरुण वोरा


दुर्ग। दीपावली से पहले सरकारी राशन दुकानों में अव्यवस्था से हितग्राही परेशान हैं। शक्कर नहीं मिलने और राशनकार्ड नंबर बदलने से लोगों को भटकना पड़ रहा है। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं।

वोरा ने बताया कि सहायक खाद्य अधिकारी के अनुसार पिछले चार महीनों से राशन दुकानों में शक्कर उपलब्ध ही नहीं है। दीपावली पर जिन परिवारों की मिठास राशन की शक्कर पर निर्भर है, वे परेशान हैं।

उन्होंने राशनकार्ड क्रमांक बिना सूचना बदले जाने पर भी आपत्ति जताई। पुराना नंबर बदलने से मशीन में कार्ड नहीं लग रहा और हितग्राहियों को आधार कार्ड लेकर दोबारा दुकान आना पड़ रहा है।

वोरा ने मांग की कि शक्कर की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित की जाए और नए क्रमांक की जानकारी के लिए सरल व्यवस्था बनाई जाए। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने भी सरकार से जनता की परेशानियों का जवाब मांगा।