सारंगढ़ में योग दिवस का शंखनाद, 1000 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास


छत्तीसगढ़ महतारी और भगवान धनवंतरि की वंदना से हुई शुरुआत, बच्चों ने नृत्य शैली में किया योग प्रदर्शन

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय वृहद योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष ‘योगा 365 डेज एम्ब्रेस योगा’ और ‘बढ़ते उम्र के स्वास्थ्य के लिए योग’ की थीम पर आधारित शिविर में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री धनवंतरि और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।

एक मंच पर दिखा प्रशासनिक और राजनीतिक अमला
आयोजन में मुख्य अतिथि टंकराम वर्मा के साथ कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, बरमकेला जनपद अध्यक्ष सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और स्कूली बच्चे शामिल हुए। लगभग 1000 नागरिकों ने एक साथ बैठकर योग की विभिन्न विधाओं और प्राणायाम का अभ्यास किया।

पीएम मोदी के संदेश का वाचन, हस्ताक्षर अभियान
कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ राष्ट्र’ बनाने के संदेश का वाचन किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को बधाई देते हुए जीवन में नियमित योग अपनाने का संकल्प दिलाया। योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें मंत्री, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हस्ताक्षर किए।

योग और नृत्य का अद्भुत संगम
जिला स्तरीय योग दिवस का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा नृत्य शैली में किया गया योग प्रदर्शन रहा। मुख्य सत्र के बाद योग शिक्षिका ममता साहू के मार्गदर्शन में सिम्मी योगा एंड फिटनेस सेंटर, योगाचार्य सुभाष पटेल की टीम और सरिया की योगिनी अकादमी के बच्चों ने ‘श्रीरामचंद्र’ सहित अन्य भक्ति गीतों पर सामूहिक योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया। साक्षी पटेल ने एकल गीत पर योग की कठिन मुद्राओं को सहजता से प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।

भारत स्काउट और एनएसएस की सक्रिय भागीदारी
आयोजन में भारत स्काउट, जूनियर रेडक्रॉस और एनएसएस के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्कूल और कॉलेज के छात्र छात्राओं की अनुशासित भागीदारी ने योग के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया।

भावुक पल: बेटी को देख माता पिता हुए भावविभोर
कार्यक्रम में एक प्रेरक पल तब देखने को मिला जब मंच से हजार से अधिक नागरिकों को योग का अभ्यास करा रहीं मुख्य योग शिक्षिका ममता साहू के माता पिता और रिश्तेदार भी शिविर में शामिल हुए। अपनी बेटी के बेहतरीन नेतृत्व और राज्य स्तर पर मिल रहे सम्मान को देखकर उनके माता पिता भावविभोर हो उठे। यह आयोजन सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य और एकजुटता का संदेश दे गया।