राजनांदगांव में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम संपन्न, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह हुए शामिल


मल्लखंब प्रदर्शन के लिए बच्चों को 51 हजार रुपये देने की घोषणा, सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास

राजनांदगांव। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

योग स्वस्थ और सार्थक जीवन का मार्ग: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति और प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डॉ. सिंह ने कहा कि योग केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं प्रतिदिन योग करते हैं। हाल ही में हुई सर्जरी के कारण कार्यक्रम में योगाभ्यास नहीं कर सके लेकिन शीघ्र स्वस्थ होकर अगले वर्ष योगाभ्यास में शामिल होंगे।

मल्लखंब प्रदर्शन के लिए 51 हजार की घोषणा
डॉ. सिंह ने अबूझमाड़ से आए बच्चों द्वारा प्रस्तुत मल्लखंब प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने अद्भुत संतुलन और कौशल का परिचय दिया है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप स्वेच्छानुदान मद से 51 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

योग से मन, शरीर और आत्मा का समन्वय
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में किए गए प्रस्ताव के बाद आज योग विश्व के 177 से अधिक देशों तक पहुंच चुका है। योग मन, शरीर और आत्मा का समन्वय है। उन्होंने नागरिकों से केवल 21 जून को ही नहीं बल्कि पूरे वर्ष नियमित रूप से योग करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

योग से आत्मचिंतन की प्रेरणा: कलेक्टर
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम है। योग व्यक्ति को स्वयं को समझने, आत्मचिंतन करने और जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा देता है।

विभिन्न योगासनों का कराया गया अभ्यास
योग सत्र का प्रारंभ मंगलाचरण वंदन प्रार्थना से हुआ। प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, वक्रासन, मकरासन, सेतुबंध आसन, पवनमुक्तासन, शवासन कराया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम विलोम और शीतलीकरण प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। बताया गया कि कपालभाति प्राणायाम से 99 प्रतिशत बीमारियां दूर होती हैं।

आयुष विभाग की ओर से रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा का वितरण किया गया। अंकुरित मूंग, चना, मूंगफली एवं केला का नाश्ता दिया गया। कार्यक्रम में पतंजलि, उदयाचल एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की भी सहभागिता रही।

इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सचिन बघेल, आईजी बालाजी राव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में बच्चे, खिलाड़ी तथा नागरिक उपस्थित थे।