तखतपुर: घोंघा नदी में बहे तीनों मासूमों के शव बरामद, समडील गांव में पसरा मातम


तखतपुर : तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहे तीन मासूम बच्चों के मामले में बेहद दुखद अंत सामने आया है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने लगातार दूसरे दिन चलाए गए रेस्क्यू अभियान में तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल शुक्रवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घोंघा नदी पार कर घर लौट रहे थे। नदी में पानी कम होने के कारण बच्चे रोज की तरह पैदल पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज बहाव आ गया और तीनों उसकी चपेट में आकर बह गए।

हादसे की सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। पहले दिन एक बच्चे का शव बरामद हुआ था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस मौके पर ही डटी रही। रविवार सुबह 6 बजे से एसडीआरएफ ने फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और पुल के नीचे से दूसरे और तीसरे बच्चे के शव भी बरामद कर लिए।

थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा गया है।

तीनों शव मिलने की खबर के बाद समडील गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।