“भिलाई बचाओ अभियान” का शुभारंभ, जनसंपर्क तेजसेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ ने आंदोलन को दिया व्यापक स्वरूप


भिलाई। सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ की साप्ताहिक बैठक शनिवार को गणेश पूजा पंडाल, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-2 में हुई। बैठक में बीएसपी प्रबंधन की नीतियों और टाउनशिप से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के बाद “भिलाई बचाओ अभियान” के तहत जनसंपर्क अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।

संघ ने भिलाई के नागरिकों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, लाइसेंसधारियों, रिटेंशनधारियों, लीजधारकों, गुमटी संचालकों और व्यापारी वर्ग से अभियान में एकजुट होने का आह्वान किया।

आठ महीने से समस्या जस की तस
संघ ने कहा कि पिछले लगभग आठ महीनों से जनप्रतिनिधियों और बीएसपी प्रबंधन के अधिकारियों के समक्ष समस्याएं उठाई जा रही हैं। कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन अभी तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। केवल आश्वासन मिलने से प्रभावित लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

बैठक में कहा गया कि किराया वृद्धि, नोटिस जारी करना और टाउनशिप से जुड़े अन्य मामलों के कारण रिटेंशनधारी, लाइसेंसधारी, लीजधारक और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इससे आम जनता में चिंता और आक्रोश का माहौल है।

5000-6000 सदस्यों तक पहुंचने का लक्ष्य
संघ ने बताया कि सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ अब सैकड़ों से बढ़कर हजारों सदस्यों का संगठन बन चुका है। आने वाले सप्ताहों में सदस्य संख्या 5000 से 6000 तक पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोग अभियान से जुड़कर समर्थन दे रहे हैं।

संघ ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। आंदोलन का स्वरूप समयानुसार तय किया जाएगा।

अंत में संघ ने बीएसपी और सेल प्रबंधन से प्रभावित लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने का आग्रह किया। संघ ने कहा कि समय रहते कार्रवाई न होने पर भविष्य में होने वाले जनआंदोलन की जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन की होगी।