रूंगटा कॉलेज में ‘मन की बात युवाओं के साथ’ का आयोजन, डॉ. सरोज पांडेय ने युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश


भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में हुआ आयोजन, शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास और सामाजिक दायित्वों पर युवाओं से किया संवाद

भिलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला भिलाई के अध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में रविवार को रूंगटा कॉलेज में ‘मन की बात युवाओं के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, शिक्षा, तकनीकी विकास, नवाचार, सामाजिक सहभागिता और बदलते दौर में अवसरों पर विचार रखे।

युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी : डॉ. सरोज पांडेय

डॉ. पांडेय ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और प्रगति के प्रमुख आधार होते हैं। युवाओं की ऊर्जा, विचार, रचनात्मकता और कार्यक्षमता देश के भविष्य को आकार देती है। भारत के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत अपनी क्षमताओं को पहचानने और व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने की है।

उन्होंने कहा कि यह तेजी से बदलती तकनीक और बढ़ती प्रतिस्पर्धा का दौर है। युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा, कौशल विकास और आधुनिक तकनीकों पर भी ध्यान देना चाहिए। निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास से नए अवसर बनते हैं। चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना और असफलता से सीखना जरूरी है।

राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का दायित्व नहीं, इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। युवा सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता से बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए देश की प्रगति में भूमिका निभाने का आह्वान किया।

युवाओं के विचारों को मंच देना कार्यक्रम का उद्देश्य : सौरभ जायसवाल भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के विचारों, अपेक्षाओं और सुझावों को सुनना और उन्हें सार्थक मंच देना है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अनुभवी व्यक्तित्वों से मार्गदर्शन, समसामयिक विषयों पर विचार साझा करने और राष्ट्रीय दायित्वों को समझने का अवसर देते हैं।

इस अवसर पर दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, रूंगटा कॉलेज प्रबंधक संतोष रूंगटा, कन्हैया सोनी, प्रवक्ता प्रेम लाल साहू, सह मीडिया प्रभारी सूरज जायसवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, पार्षद नोहर वर्मा, काफीलुद्दीन, विशालदीप नायर, अमित राजपूत, प्रवीण यादव, शुभम अनुराग मार्कंडेय, विवेक जायसवाल, अर्पित तिवारी, रवि राव, ऋतुराज, हिमांशु सिंह, सूर्यकांत, हिमांशु एवं अनुराग सहित भाजयुमो पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।