सरपंच पर मकान तोड़ने के प्रयास का आरोप, आंदोलन की चेतावनी


राजनांदगांव। ग्राम भोथीपार खुर्द नया पारा के सरपंच जितेन्द्र साहू पर मनमानी कर गरीब का मकान तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगा है। इसे लेकर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के साथ सुरगी-सिंघोला क्षेत्र के कांग्रेस प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आपत्ति जताई।

पीड़ित कोमल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि सरपंच व्यक्तिगत द्वेष निकाल रहा है। उसका मकान 50 वर्षों से बना हुआ है, गांव में लगभग 30 मकान घास जमीन पर हैं, जिसमें सरपंच भी काबिज है। आरोप है कि सरपंच के पास अपने मकान तक आने-जाने का रास्ता होने के बावजूद पीड़ित के मकान का आधा हिस्सा मांग रहा है और नहीं देने पर मकान तोड़ने की कोशिश कर रहा है। साथ ही सरकारी योजनाओं से भी वंचित किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सरपंच पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर प्रशासन पर मकान तुड़वाने का दबाव बना रहा है, जिसकी उन्होंने घोर निंदा की और कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोहित चंद्राकर, किसान कांग्रेस जिला महामंत्री योगेन्द्र दास वैष्णव, दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण साहू, जनपद सदस्य मेघराज चंद्राकर, सरपंच दिल्लू साहू, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि केशव साहू, सरपंच प्रतिनिधि राहुल साहू, हेमशंकर साहू, उपसरपंच गौतम निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।