“नई दृष्टिबिंदु” को मिला कैलाश जैन बरमेचा का संरक्षण


समाज, साहित्य और पत्रकारिता को मिलेगी नई दिशा

भिलाई। सांध्य दैनिक नई दृष्टिबिंदु के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। अब से “नई दृष्टिबिंदु” को प्रबंधकीय, सामाजिक और साहित्यिक-सांस्कृतिक दृष्टि से दुर्ग-भिलाई के प्रख्यात समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा का संरक्षण प्राप्त हो गया है।

दुर्ग में आज “नई दृष्टिबिंदु” के संपादक एवं प्रकाशक आलोक तिवारी ने कैलाश जैन बरमेचा से भेंट कर आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर कैलाश जैन बरमेचा ने पत्र की निष्पक्ष, जनहितैषी और रचनात्मक पत्रकारिता की सराहना करते हुए सलाहकार संपादक के रूप में निरंतर मार्गदर्शन देते रहने का आश्वासन दिया।

“जनता की आवाज बनेगा अखबार”
कैलाश जैन बरमेचा ने कहा कि किसी भी समाज के निर्माण में स्वस्थ पत्रकारिता की अहम भूमिका होती है। नई दृष्टिबिंदु आमजन की समस्याओं, सामाजिक मुद्दों और सांस्कृतिक चेतना को मंच दे। उन्होंने भरोसा जताया कि आलोक तिवारी के नेतृत्व में यह अखबार दुर्ग-भिलाई ही नहीं पूरे क्षेत्र की आवाज बनेगा।

सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रहेगी पत्रकारिता
आलोक तिवारी ने कहा कि कैलाश जैन बरमेचा का संरक्षण और मार्गदर्शन “नई दृष्टिबिंदु” परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनके अनुभव और सामाजिक सोच से अखबार को नई ऊर्जा मिलेगी। हमारा प्रयास रहेगा कि अखबार जन सरोकारों से जुड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बने।

इस अवसर पर समाजसेवी निलेश साहू, नई दृष्टिबिंदु परिवार से अद्वितीय तिवारी और पत्रकार सत्यम सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।

कैलाश जैन बरमेचा के संरक्षण से “नई दृष्टिबिंदु” अब न केवल खबरों का आईना बनेगा, बल्कि समाज, साहित्य और संस्कृति को जोड़ने वाला सेतु भी बनेगा।