31 जुलाई को कला मंदिर, सिविक सेंटर में होगा भव्य “याद-ए-रफ़ी” संगीत समारोह


भिलाई। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित ऑर्केस्ट्रा ओबेरायज् म्यूज़िकल ग्रुप के तत्वावधान में शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को रात्रि 7:30 बजे सिविक सेंटर, भिलाई स्थित कला मंदिर में सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक मोहम्मद रफ़ी की मधुर स्मृतियों को समर्पित भव्य संगीत संध्या “याद-ए-रफ़ी” का आयोजन किया जाएगा।

संस्था के संचालक इकबाल ओबेराय ने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ख्याति प्राप्त गायक-गायिकाएँ अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को रफ़ी साहब के सदाबहार गीतों की सुरमयी दुनिया में ले जाएँगे। इनमें पुणे से इन्द्रनील चौधरी, रायपुर से इकबाल ओबेराय, शेख अमीन, डॉ. जावेद अली एवं धर्मेन्द्र रावल तथा भिलाई से देवब्रत राय, पी.टी. उल्लास, परन भाटिया, सजीव सुधाकरन, अक्षय फिलिप्स, वीणा मखीजा, मधुरिमा रे, तान्या समद्दार, सरोज खत्री एवं स्नेहा जोशी अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ देंगे।

वाद्य संगीत में तरुण पहाड़े (सिंथेसाइज़र), मिलाप लांजेवार (की-बोर्ड), आशुतोष लांजेवार (गिटार), मनोज (ऑक्टोपैड), कमल जानी (ऑक्टोपैड), भागवत साहू (ढोलक) तथा रवि (तबला) अपनी उत्कृष्ट संगत से कार्यक्रम को यादगार बनाएँगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ओबेरायज् ऑर्केस्ट्रा की विशेष प्रस्तुति होगी।

कार्यक्रम का मंच संचालन आकाशवाणी रायपुर के उद्घोषक दीपक हटवार तथा भोपाल के विजय मनवानी करेंगे।
इस वर्ष का “याद-ए-रफ़ी” कार्यक्रम दिवंगत अभिनेता धर्मेन्द्र को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित रहेगा। उनकी फिल्मों के लगभग 50 सदाबहार गीत 15 गायक-गायिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए जाएँगे।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।