राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के साथ आज से विदेश यात्रा में रहेंगे सांसद बघेल


राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसद विजय बघेल, तीन यूरोपीय देशों की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर जाएंगे

19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया दौरे में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, विदेश नीति को मिलेगी नई मजबूती

बेमेतरा। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल को देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया है। वे 19 से 25 जुलाई तक राष्ट्रपति के साथ मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल होना न केवल सांसद बघेल के लिए सम्मान का विषय है, बल्कि दुर्ग-बेमेतरा अंचल के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल तीनों यूरोपीय देशों के साथ भारत के राजनीतिक, आर्थिक, संसदीय, व्यापारिक एवं रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण वार्ताएं करेगा। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा तथा लोकसभा सांसद विजय बघेल शामिल रहेंगे। यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। मोल्दोवा की यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली राजकीय यात्रा होगी, जबकि रोमानिया में लगभग तीन दशक बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति का द्विपक्षीय राजकीय दौरा होने जा रहा है।

इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू संबंधित देशों के राष्ट्राध्यक्षों, प्रधानमंत्रियों, संसद के शीर्ष नेतृत्व तथा उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों पर उच्चस्तरीय बैठकें करेंगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों से भारत और पूर्वी यूरोप के देशों के बीच सहयोग के नए आयाम खुलेंगे। राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल में शामिल किए जाने पर सांसद विजय बघेल ने इसे अपने सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत, विश्वसनीय और निर्णायक शक्ति के रूप में अपनी पहचान लगातार सुदृढ़ कर रहा है तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में इस ऐतिहासिक विदेश यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। गौरतलब है कि सांसद विजय बघेल इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। जून 2025 में वे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में ब्राजील में आयोजित 11वें ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल हुए थे। अब राष्ट्रपति के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में उनकी सहभागिता को उनके संसदीय अनुभव और सक्रिय भूमिका की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक और कूटनीतिक दृष्टि से इस यात्रा को भारत की “एक्ट ईस्ट यूरोप” नीति को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग और संसदीय संबंधों के क्षेत्र में भारत और पूर्वी यूरोप के देशों के बीच सहयोग को नई गति मिलेगी। वहीं, सांसद विजय बघेल की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से दुर्ग-बेमेतरा क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह का माहौल है।