केसीजी के प्रथम जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह का स्काउट-गाइड परिवार ने किया स्वागत


कमिश्नर स्कार्फ और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया सम्मान,
जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार पर हुई चर्चा,

खैरागढ़ : भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा केसीजी जिले के प्रथम जिला मुख्य आयुक्त (डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर) पद पर नियुक्त किए गए भागवत शरण सिंह का जिले के स्काउट-गाइड परिवार ने आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। जिले के प्रथम जिला मुख्य आयुक्त बनने पर जिला संघ के पदाधिकारी एवं स्काउट-गाइड सदस्य उनके निवास पहुंचे, जहां उन्हें कमिश्नर स्कार्फ पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा की गई।।

स्वागत कार्यक्रम में जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, जिला संगठन आयुक्त धनुष सिन्हा, विकासखंड सचिव सुनील गुनी, प्राचार्य कमलेश्वर सिंह, गाइडर नीलू सिंह, सरस्वती बंते, पायल सिंह तथा स्काउटर कुशाल ध्रुवे सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।। सभी ने भागवत शरण सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में जिले में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का विश्वास व्यक्त किया।।

इस अवसर पर भागवत शरण सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों और युवाओं को संगठन से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों में नई इकाइयों का गठन करने तथा समाजसेवा आधारित कार्यक्रमों को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।। बैठक में आगामी प्रशिक्षण शिविर, सदस्यता विस्तार अभियान और युवाओं के व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।।