“एक पेड़, एक संकल्प—प्रकृति का संरक्षण ही मानवता का संरक्षण है : अरुण वोरा”


दुर्ग: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने धर्मपत्नी श्रीमती मंजू वोरा एवं बहन अर्चना के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

अरुण वोरा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। यदि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए, तो स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण का सपना साकार हो सकता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे “एक पेड़, एक संकल्प” के साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प लें।