जगदलपुर: DSP के गनमैन ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, कंधे पर लगी


पारिवारिक विवाद बताया जा रहा कारण, महारानी अस्पताल में उपचार जारी

जगदलपुर। जगदलपुर में जिला बल के एक जवान द्वारा सर्विस राइफल से खुद को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना में जवान घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार जिला बल में पदस्थ आरक्षक विजय जेना पिछले कुछ महीनों से DSP के गनमैन के रूप में ड्यूटी कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद पर गोली चला ली। गोली कंधे को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद जवान को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गोली गंभीर नहीं है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

पारिवारिक विवाद कारण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना।

जगदलपुर CSP सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोली चलाने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने राइफल जब्त कर ली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।