हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “क्रिटिकल मिनरल मिशन” और “आत्मनिर्भर भारत” के विजन को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ ने खनन क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक और सतत उपयोग की दिशा में लगातार काम कर रही है।
इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएमडीसी) और जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम अनुसंधान, विकास एवं डिजाइन केंद्र (जेएनएआरडीडीसी), नागपुर के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।

अनुसंधान और मूल्य संवर्धन को मिलेगी गति
इस एमओयू के तहत वैज्ञानिक अनुसंधान, खनन, खनिज संसाधनों के मूल्य संवर्धन और क्रिटिकल मिनरल्स के विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे राज्य में उपलब्ध खनिज संपदा का योजनाबद्ध, समयबद्ध और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
एमओयू एक्सचेंज कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय खान ब्यूरो के कंट्रोलर जनरल एवं जेएनएआरडीडीसी के निदेशक पंकज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि अनुसंधान आधारित खनिज विकास और संस्थागत सहयोग राज्य और देश के खनिज क्षेत्र के लिए दूरगामी परिणाम देगा।
भारतीय खान ब्यूरो के कंट्रोलर ऑफ माइंस डॉ. बी.एल. गुर्जर ने सीएमडीसी और खनिज साधन विभाग के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि यह तालमेल राज्य के खनिज क्षेत्र को नई गति देगा।
वैज्ञानिकों ने बताई शोध की दिशा
कार्यक्रम में सीएमडीसी के महाप्रबंधक यू.के. कुरैशी ने निगम की 25 वर्षों की यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधनों की अपार संभावनाएं हैं।
रीजनल कंट्रोलर ऑफ माइंस प्रेम प्रकाश ने सीएमडीसी की टिन और कोरंडम परियोजनाओं की सराहना की और कहा कि इनसे स्थानीय लोगों को रोजगार और खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता को बल मिला है।
जेएनएआरडीडीसी के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. उपेंद्र सिंह ने बताया कि संस्थान रेड मड से गैलियम-वैनेडियम और बॉक्साइट के उप-उत्पादों से स्कैंडियम की रिकवरी पर शोध कर रहा है। ऐसे अनुसंधान भारत को क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएंगे।

एमओयू का आदान-प्रदान
एमओयू का औपचारिक आदान-प्रदान पंकज कुलश्रेष्ठ और सीएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक संजय कनकने ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन भी संजय कनकने ने दिया।
इस अवसर पर सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, खनिज साधन विभाग के सचिव पी. दयानंद और प्रबंध संचालक रजत बंसल का मार्गदर्शन रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी खनिज अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और सतत खनन को नई ऊंचाई देगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार प्राकृतिक संपदा को विकास का आधार बनाकर औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक प्रगति को गति दे रही है।