जिला स्तरीय सरस मेले का समापन, महिलाओं के हुनर को मिला बाजार


पांच उत्कृष्ट स्टॉल सम्मानित, 61 स्व-सहायता समूहों को मिले प्रशस्ति पत्र

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ :
राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरस मेला 2026 का गरिमामय समापन हुआ।। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित मेले ने ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय का मंच उपलब्ध कराया।।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने महिला समूहों की सहभागिता की सराहना करते हुए आयोजन को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में सार्थक पहल बताया। नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने इसे महिला स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने वाला आयोजन कहा। जिला पंचायत सीईओ ने स्वागत उद्बोधन में महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ना मेले का प्रमुख उद्देश्य बताया।।

मेले में खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प एवं अन्य स्थानीय उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। समापन अवसर पर विक्रय, उत्पादों में नवाचार एवं स्टॉल सजावट जैसे मानकों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच स्टॉलों के समूहों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 61 स्व-सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। बिहान टीम ने अतिथियों को स्थानीय उत्पादों से सजी टोकरियां भेंट कीं। सरस मेला में सभी स्व सहायता समूह की 03 दिन में कुल सामूहिक बिक्री लगभग 4.00 लाख रुपए की हुई।

स्टाल की सांस्कृतिक संध्या में श्री हर्ष चंद्राकर एवं उनकी टीम की पंडवानी तथा आशुतोष व साथी रॉक बैंड की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा। समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्वरी शैलेन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, पूर्व सभापति धम्मन साहू, डॉ. बिसेसर साहू, शैलेन्द्र त्रिपाठी एवं शैलेन्द्र मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एन.आर.एल.एम योजना के समस्त स्टाफ, पी.आर.पी, कैडर, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बिहान टीम के समूह सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।।