उद्योगों के महाकुंभ में दिखी छत्तीसगढ़ की औद्योगिक ताकत,


भिलाई। लघु उद्योग भारती, छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ औद्योगिक व्यापार मेला-2026 का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। 18 से 20 सितंबर तक चले इस मेले में देशभर से आए 300 से अधिक उद्यमियों ने हिस्सा लिया। मेले में 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां मशीनरी, फूड प्रोसेसिंग, हैंडीक्राफ्ट, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी, सोलर और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारिक संपर्क बने और करोड़ों रुपये के व्यापारिक अवसर सामने आए।

मेले का शुभारंभ 18 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया था। उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, संगठन मंत्री पवन साहू, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

वहीं समापन समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लघु उद्योग भारती रायपुर इकाई के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने पुष्पगुच्छ और श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया। समारोह में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मेले में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय प्रमुख बिजू भाई बगसिया, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष समीर मुंद्रा और अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद भी विशेष रूप से रायपुर पहुंचे। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी से प्रदेश के उद्यमियों और संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। समापन समारोह में लघु उद्योग भारती की प्रांत अध्यक्ष सीपी दुबे ने आयोजन का संचालन किया।

लघु उद्योग भारती रायपुर इकाई के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि संगठन का ध्येय “हर हाथ को काम, हर उत्पाद को सम्मान” है।