महापौर परिषद की बैठक: नंदिनी रोड चौड़ीकरण सहित विकास कार्यों को मिली स्वीकृति


2.90 करोड़ से होगा एसी चौक से पावर हाउस चौक तक रोड सौंदर्यीकरण

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की बैठक मंगलवार को महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं देने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति दी गई।

नंदिनी रोड का होगा चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण
बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के प्रथम चरण के तहत जोन क्रमांक 3 स्थित एसी चौक से पावर हाउस चौक तक नंदिनी रोड के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पर सहमति बनी। इस कार्य के लिए शासन से 2 करोड़ 90 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

स्ट्रीट लाइट और खेल सुविधाओं पर फोकस
शहर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए स्ट्रीट लाइटों के वार्षिक संचालन, संधारण और रखरखाव को मंजूरी दी गई। इस पर लगभग 1 करोड़ 99 लाख रुपये खर्च होंगे। नियमित संधारण से शहर के विभिन्न वार्डों में रात में बेहतर रोशनी मिल सकेगी।

वहीं जोन क्रमांक 5 के विभिन्न वार्डों में निगम द्वारा निर्मित खेल मैदान एवं कोर्ट के संचालन-संधारण पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही जोन 5 के वार्ड 60 में नवनिर्मित लाइब्रेरी एवं ऑक्सी रीडिंग जोन के संचालन के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। इससे विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई और खेल के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।

खुर्सीपार इंडोर स्टेडियम और पदोन्नति पर निर्णय
बैठक में जोन 4 स्थित खुर्सीपार इंडोर स्टेडियम के प्रभावी संचालन के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से सफाई, सुरक्षा और तकनीकी स्टाफ तैनात कर रखरखाव किए जाने की स्वीकृति दी गई।

साथ ही निगम के उप अभियंता से सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति से संबंधित प्रस्ताव पर भी नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा सर्वसम्मति से की गई।

कौन रहे उपस्थित
बैठक में प्रभारी सदस्य सीजू एंथोनी, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, आदित्य सिंह, केशव चौबे, चंद्रशेखर गंवई, लालचंद वर्मा, मन्नान गफ्फार खान, अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, उपायुक्त नरेन्द्र कुमार बंजारे, दिनेश कोसरिया, अधीक्षण अभियंता वेशराम सिन्हा सहित जोन आयुक्त और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।