धान खरीदी का निर्णय किसान विरोधी, सरकार दे रही है धोखा: कमलजीत सिंह पिंटू


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने साय कैबिनेट में 27 अक्टूबर को लिए गए धान खरीदी के निर्णय को किसान विरोधी और निराशाजनक बताया है।

उन्होंने कहा कि साय सरकार पिछले तीन साल से किसानों को धान का एक ही दाम देकर ठग रही है। इन तीन सालों में केंद्र सरकार ने धान की MSP में लगभग 380 रुपये की वृद्धि की है, इस हिसाब से इस वर्ष किसानों को कम से कम 3500 रुपये प्रति क्विंटल मिलना चाहिए था, लेकिन कैबिनेट ने फिर 3100 रुपये प्रति क्विंटल ही देने का फैसला किया है। यह अन्नदाताओं के साथ धोखा है।

पिंटू ने कहा कि सरकार 27.50 लाख किसानों से 15 नवंबर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी की बात तो कर रही है, लेकिन दाम वही पुराना देकर वाहवाही लूट रही है।

उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य करने पर भी सवाल उठाए। कहा कि हजारों किसान किसी कारण से एग्रीस्टेक पंजीयन नहीं करा पाए हैं, उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे किसान धान बेचने से वंचित हो जाएंगे। सरकार ऋण पुस्तिका नहीं लाने और डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) से रकबा निर्धारण की बात कह रही है, लेकिन DCS सर्वे में भारी विसंगतियां हैं। इससे गांव-गांव में विवाद होगा और त्रुटि सुधार में ही खरीदी का समय निकल जाएगा।

सरकार 360 नए केंद्र खोलकर 3100 केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन से खरीदी की बात कर रही है, लेकिन जब रकबा ही गलत दर्ज होगा तो किसान केंद्र तक कैसे पहुंचेगा। यह निर्णय किसान हितैषी नहीं, बल्कि परेशान करने वाला है।