नशाखोरी सामाजिक अभिशाप, युवाओं को बचाना जरूरी: घनश्याम देवांगन


भिलाई। वरिष्ठजन कल्याण महासंघ ने नशा मुक्ति अभियान का आगाज किया है। मंगलवार को सियान सदन वैशाली नगर में आयोजित संगोष्ठी में पदाधिकारियों ने युवाओं में बढ़ती नशाखोरी और अपराधों पर चिंता जताते हुए जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। संगोष्ठी की अध्यक्षता आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने की।

महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने कहा कि नशा सामाजिक अभिशाप है जो युवा पीढ़ी के चरित्र और भविष्य को बर्बाद कर रहा है। नशे से व्यक्ति ही नहीं पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। लड़ाई-झगड़े, लूटपाट और हत्या जैसे अपराध बढ़ रहे हैं। इसे रोकने वरिष्ठजनों का अनुभव महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कारों से जोड़ना जरूरी है। वक्ताओं ने प्रशासन की भूमिका को लचर बताते हुए पूर्ण नशाबंदी की मांग की।

अभियान के तहत रैली, जनसंवाद, गोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया गया। नशे की लत में फंसे युवाओं को नशामुक्ति केंद्र और विशेषज्ञों की मदद दिलाई जाएगी।

कार्यक्रम में अगस्त माह में जन्मे वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। हनुमान चालीसा पाठ और भजन प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर दिनेश कुमार गुप्ता, एस के शुक्ला, धानेश्वर निर्मल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।