ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर पुलिस-प्रशासन और मुस्लिम कमेटी की बैठक, जुलूस के लिए दिशा-निर्देश जारी


दुर्ग-भिलाई, आगामी ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर दुर्ग पुलिस और प्रशासन ने रविवार को मुस्लिम कमेटी के साथ बैठक की। बैठक पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेंद्र देव पटेल, सीएसपी हर्षित मेहर, निशांत पाठक सहित अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूसों को निर्धारित मार्ग और समय पर संचालित करने और समय पर समाप्त करने की समझाइश दी। जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर रखने और उनकी सूची पर्व से पहले संबंधित थाने में जमा करने के निर्देश दिए गए।

यातायात बाधित न हो, इसके लिए जुलूस को सड़क की एक ओर से व्यवस्थित रूप से निकालने और छोटे बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में सेक्टर-6 जामा मस्जिद से मिर्जा आसिम बेग, गौसिया मस्जिद से नजरूल खान, हाउसिंग बोर्ड मस्जिद से मोहम्मद इफ्तिखार खान, जामा मस्जिद दुर्ग से शेख शकील सहित कई कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कमेटी ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित जुलूस निकालने का आश्वासन दिया।