लावारिस मिले नवजात को डायल-112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल


रायपुर, 24 अगस्त मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में लावारिस अवस्था में मिले 10 दिन के नवजात शिशु को डायल-112 टीम ने सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह 6:37 बजे सूचना मिली कि मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात लावारिस पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। वहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया शिशु मिला।

टीम ने तत्परता दिखाते हुए शिशु को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंदिर हसौद पहुंचाया। जांच के बाद शिशु को शिशु वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।

इस कार्य में आरक्षक राजेश यादव और चालक टिकेंद्र साहू की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है और संबंधित विभाग को सूचना दे दी है।