पाऊवारा में बिखरे छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग, जनपद ट्रॉफी इतवारी चीला तिहार में धूम


उतई/पाऊवारा। ग्राम पाऊवारा के हाईस्कूल मैदान में जनपद ट्रॉफी इतवारी चीला तिहार 2026 का भव्य आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों को समर्पित आयोजन में ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और विशेष अतिथि भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव थे।

मुख्य अतिथि ताम्रध्वज साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति, बोली-भाखा को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सराहनीय कार्य है। ऐसे आयोजन हमारी जड़ों को मजबूत करते हैं। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि जो निरंतर लगा रहता है, वही सच्चा खिलाड़ी होता है। खेल अनुशासन और एकता सिखाते हैं।

इस दौरान फुगड़ी, कबड्डी, कुर्सी दौड़, नारियल फेंक, रस्साकसी, चीला सजावट, छत्तीसगढ़ी व्यंजन सजावट और डांस प्रतियोगिता हुई। महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा का ड्रेस कोड रखा गया था। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम का संचालन जनपद पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, पाऊवारा सरपंच मीना यादव, कोकड़ी सरपंच युगल चंद्राकर, कोड़िया सरपंच खुमान निषाद, पूर्व सरपंच घनश्याम गजपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।