तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत बनाने की मांग तेज


युवा नेता आकाश जैन बोले: दर्जनों गांवों का प्रमुख केंद्र, शहरी विकास की जरूरत

राजनांदगांव। ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग अब जोर पकड़ रही है। कांग्रेस के युवा नेता आकाश जैन ने राज्य सरकार से इस दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की है।

आकाश जैन ने कहा कि तुमड़ीबोड़ अब केवल एक ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं है। आसपास के दर्जनों गांवों के लिए यह प्रमुख स्थानीय केंद्र बन चुका है। बड़ी संख्या में ग्रामीण दैनिक कार्यों, बाजार और अन्य आवश्यकताओं के लिए यहां आते-जाते हैं। बढ़ती गतिविधियों और क्षेत्रीय महत्व को देखते हुए इसे नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना चाहिए।

नगर पंचायत बनने से होगा विकास
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी। सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था जैसी नागरिक सुविधाओं को नगरीय निकाय स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जा सकेगा।
आकाश जैन ने कहा कि तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत बनाने का लाभ केवल यहां के निवासियों को नहीं, बल्कि आसपास के हजारों ग्रामीणों को भी मिलेगा।

प्रशासनिक कार्यों के लिए मिलेगी राहत
युवा नेता ने बताया कि अभी राजस्व और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को राजनांदगांव या डोंगरगांव जाना पड़ता है। इससे समय और संसाधन दोनों खर्च होते हैं। तुमड़ीबोड़ का प्रशासनिक महत्व बढ़ने और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं बनने से ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिलेगी।

सरकार से शीघ्र घोषणा की मांग
आकाश जैन ने भाजपा सरकार से मांग की कि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन कराकर, मापदंड पूरे होने पर तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत घोषित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।
उन्होंने कहा, “तुमड़ीबोड़ आसपास के दर्जनों गांवों का प्रमुख केंद्र है। नगर पंचायत बनने से स्थानीय विकास तेज होगा और क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार को जनहित में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।”