NEET विवाद : जंतर मंतर पर छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गंडई में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन


  • युवक कांग्रेस और एन एस यू आइ के मशाल रैली के बाद पीएम मोदी का पुतला दहन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बिच धक्का-मुक्की; केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी,
  • विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा की अगुवाई में रेस्ट हाउस से मेन चौक तक निकली मशाल रैली,
  • कांग्रेसीयो ने किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन,
  • कांग्रेस ने छात्रों पर कथित कार्रवाई की निंदा करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई,

खैरागढ़ : नीट पेपर लीक के मामले पर दोषियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होने एवं शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को गंडई नगर में कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के संयुक्त नेतृत्व में मशाल रैली निकाली गई।। रैली के तुरंत बाद मेन चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया।। पुतला दहन के दौरान पुलिस द्वारा कांग्रेसीयो को पुतला दहन रोकने के प्रयास में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।।

गुरुवार शाम रेस्ट हाउस परिसर से शुरू हुई मशाल रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक शामिल हुए।। हाथों में जलती मशाल और तख्तियां लेकर कार्यकर्ता मां गंगई मंदिर मार्ग से होते हुए मेन चौक पहुंचे। पूरे रास्ते केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारे लगाए गए तथा नीट परीक्षा में कथित धांधली के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े नीट परीक्षा विवाद पर केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, लेकिन दोषियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के बजाय शांतिपूर्ण विरोध कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं पर पुलिस के माध्यम से दबाव बनाया जा रहा है।।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे थे, लेकिन उनके साथ कथित रूप से बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में युवाओं और छात्रों की आवाज को लाठी के बल पर नहीं दबाया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने इसे छात्रों के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।।मेन चौक पहुंचने के बाद जैसे ही कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे, कथित पेपर लीक की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई, संसद में इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा तथा दिल्ली में छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की। नेताओं का कहना था कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार से बड़ा है और छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी चिंताओं का समाधान किया जाना चाहिए।। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार गड़बड़ियों के आरोप सामने आते हैं तो इससे लाखों मेहनती विद्यार्थियों का मनोबल टूटता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से लड़ती रहेगी।। प्रदर्शन में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल तारकेश्वर खुशरो, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शत्रुघ्न चंदेल, चेतन देवांगन, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती मोहोबिया, लाल रोहित सिंह पुलस्त्य, रणजीत सिंह चंदेल, रमेश साहू, गुलशन तिवारी, दिलीप ओगरे, रिखीराम पटेल, धर्मेंद्र मंडावी, देवराज किशोर दास, हेमलता ठाकुर, प्रेमलाल साहू, विधायक प्रवक्ता अमित टंडन सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।