बस्तर पुलिस के लिए गौरव का क्षण


  • केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने बोधघाट थाना को घोषित किया छत्तीसगढ़ का “सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना”
  • पहली बार बस्तर क्षेत्र के किसी थाने को मिला राष्ट्रीय सम्मान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस और विशेषकर बस्तर पुलिस के लिए गौरव का अवसर है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025 के लिए जारी वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ राज्य का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है।

यह बस्तर संभाग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पहली बार बस्तर क्षेत्र के किसी पुलिस थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।

किन मानकों पर मिला सम्मान
गृह मंत्रालय प्रत्येक वर्ष देशभर के थानों का मूल्यांकन कई बिंदुओं पर करता है। इसमें अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार, नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग, अभिलेख संधारण और समग्र कार्य निष्पादन जैसे महत्वपूर्ण मापदंड शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बोधघाट थाना को यह सम्मान दिया गया।

सम्मान समारोह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान बस्तर के तत्कालीन आईजी पी. सुंदरराज और वर्तमान आईजी बद्रीनारायण मीना द्वारा प्रदान किया गया।

इस अवसर पर बोधघाट के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ और वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही त्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीशिमल और वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमितकुमार धोत्रे भी मौजूद रहे।

SP शलभ सिन्हा ने दी बधाई
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि बोधघाट थाना के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के वर्षों के समर्पित, अनुशासित और जनोन्मुखी कार्यों का परिणाम है। उनके मार्गदर्शन में थाने ने अपराध नियंत्रण, प्रभावी कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग और नवाचार आधारित पुलिसिंग में उल्लेखनीय कार्य किए, जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।

बस्तर पुलिस ने इस सम्मान को अपने अधिकारियों-कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतीक बताया। पुलिस ने कहा कि यह सम्मान भविष्य में भी नागरिक-केंद्रित, उत्तरदायी और उत्कृष्ट पुलिस सेवा देने के लिए पूरे बल को प्रेरित करता रहेगा।