रक्षाबंधन पर हजारों बहनों ने विधायक देवेंद्र यादव को बांधी राखी


भिलाई। रक्षाबंधन के अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर-5 स्थित कार्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में महिलाएं और युवतियां पहुंचीं और विधायक को राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना की।

सुबह से ही आयोजन स्थल पर बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं के लिए बैठने, भोजन और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी गीतों और सुआ नृत्य की प्रस्तुति ने उत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगत घोल दी।

बहनों से राखी बंधवाने के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई मेरा परिवार है और बहनों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। रक्षाबंधन केवल राखी का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और अपनत्व का पर्व है। अपनी बहनों के साथ हर साल यह पर्व मनाना भावुक क्षण होता है।

उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए और ऊर्जा देता है। एक भाई के रूप में वे हमेशा बहनों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।

महिलाओं ने कहा कि देवेंद्र यादव से उनका रिश्ता सिर्फ जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि भाई के अपनत्व और विश्वास का है। समारोह में शामिल सभी बहनों का विधायक ने आभार जताया।