रोटरी क्लब ऑफ भिलाई ग्रेटर का 28वां पदस्थापना समारोह भव्यता के साथ सम्पन्न


  • रोटेरियन अनंत अग्रवाल ने संभाला अध्यक्ष पद, समाजहित के लैंडमार्क प्रोजेक्ट्स का संकल्प
  • डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बोले- सेवा में नवाचार और उत्कृष्टता जरूरी

भिलाई। रोटरी क्लब ऑफ भिलाई ग्रेटर का 28वां पदस्थापना समारोह शनिवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में 160 से अधिक रोटेरियन्स, उनके परिवारजन और समाज के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण रहा। समारोह में रोटेरियन अनंत अग्रवाल ने क्लब के 28वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनके साथ रोटेरियन अंशुल अग्रवाल ने सचिव और रोटेरियन जगदीप बेदी ने कोषाध्यक्ष के रूप में शपथ ली।

समाजहित के लैंडमार्क प्रोजेक्ट्स का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अनंत अग्रवाल ने अपने संबोधन में आगामी रोटरी वर्ष के लिए अपनी दूरदर्शी कार्ययोजना और विज़न प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष क्लब समाजहित में कई लैंडमार्क प्रोजेक्ट्स को क्रियान्वित करेगा। इन परियोजनाओं की विस्तृत रूपरेखा भी समारोह के दौरान सदस्यों के समक्ष रखी गई। उन्होंने टीम की एकजुटता और सेवा भाव के साथ काम करने का आह्वान किया।

अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलम सिंह रूपरा ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य सेवा है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को सेवा कार्यों में उत्कृष्टता, नवाचार और प्रभावी नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. शशांक रस्तोगी ने क्लब की अब तक की उपलब्धियों की सराहना की और नई टीम के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।

यादगार बना आयोजन
पूरा सभागार भव्य सजावट और रोटरी के झंडे के रंगों से सजा हुआ था। समारोह में नए सदस्यों का स्वागत, प्रेरणादायी संबोधन और रोटेरियन्स की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पदस्थापना के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट और सेवा के संकल्पों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया।

क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि यह समारोह रोटरी क्लब ऑफ भिलाई ग्रेटर के लिए सेवा के नए अध्याय की शुरुआत है। नई टीम शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।