राजिम नगर पंचायत का हुआ नगर पालिका में उन्नयन


राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना, शहर में खुशी का माहौल

रायपुर। राज्य शासन ने राजिमवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका के रूप में उन्नत कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार राजिम नगर पालिका की सीमाएं नगर पंचायत की पूर्व सीमाओं के अनुसार ही रहेंगी। राज्य शासन के इस निर्णय से पूरे राजिम शहर में खुशी और उत्साह का वातावरण है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि इस उन्नयन से राजिम के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। नगर पालिका बनने से शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे।

उन्होंने बताया कि इससे राजिम में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास को और गति मिलेगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी अब नगरवासियों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।