30 साल बाद रोमानिया पहुंची भारतीय राष्ट्रपति, सांसद विजय बघेल रहे प्रतिनिधिमंडल में शामिल


विदेश यात्रा से लौटने पर रायपुर एयरपोर्ट पर हजारों कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भिलाई/ दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा से लौटे। छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पर हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
एयरपोर्ट से सांसद निवास तक स्वागत रैली निकाली गई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने अभिनंदन किया। सांसद निवास में साजा विधायक ईश्वर साहू, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा विधायक अल्का बाघमारे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पुरुषोत्तम देवांगन, प्रीतपाल बेलचंदन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

ऐतिहासिक यात्रा, नए सहयोग के द्वार खुलेंगे
सांसद विजय बघेल ने कहा कि राष्ट्रपति के साथ आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल होना उनके सार्वजनिक जीवन का गौरवपूर्ण क्षण रहा। यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रणनीतिक सहयोग पर उच्चस्तरीय चर्चा हुई। इससे भारत और इन तीनों देशों के संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान इन देशों ने भारतीय विद्यार्थियों, विशेषकर मेडिकल छात्रों को सहयोग देकर मानवीय संवेदना दिखाई। यही आत्मीयता आज संबंधों की आधारशिला है।
तीनों देशों की यात्रा में रहे ये खास बिंदु

  • लगभग 30 वर्षों बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति ने रोमानिया की राजकीय यात्रा की।
  • मोल्दोवा की यात्रा करने वाली द्रौपदी मुर्मू पहली भारतीय राष्ट्रपति बनीं।
  • लोकसभा से 3 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में सांसद विजय बघेल के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन बांभनिया और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा भी शामिल रहे।
    सांसद बघेल ने विश्वास जताया कि इस यात्रा से भारत को व्यापार, निवेश, शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दीर्घकालिक लाभ मिलेंगे और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और सुदृढ़ होगी।