हर स्कूल में होगा स्काउट-गाइड विंग, जिला मुख्य आयुक्त ने बनाई विस्तार की रणनीति


कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड और रोवर-रेंजर की गतिविधियों पर जोर, 00 प्रत्येक स्कूल में प्रशिक्षित स्काउटर गाइडर प्रभारी अनिवार्य,

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ :
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ जिला संघ खैरागढ़ छुईखदान गंडई के जिला स्काउट-गाइड संघ की प्रथम बैठक शुक्रवार को विज्ञान भवन में जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई।। बैठक में जिले में स्काउट-गाइड की गतिविधियों के विस्तार, सभी शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों तक संगठन की पहुंच बनाने, सेवा एवं नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने सहित आगामी गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।।

बैठक में जिला आयुक्त स्काउट पदेन जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, खैरागढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम सिंह राजपूत, सुधाकर सर, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमेला, सेजेस प्राचार्य कमलेश्वर सिंह, बीआरसी सुजीत सिंह चौहान, जिला सचिव के.के. वर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिन्हा, ब्लॉक सचिव सुनील गुनी, पूर्णिमा नेताम, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट गाइड विशाल ठाकुर,नीलू सिंह,शकुंतला ठाकुर, सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।।

हर स्कूल में होगा स्काउट-गाइड का विंग
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि नवगठित जिले में संगठन का कार्य संतोषजनक है, लेकिन अब इसे जिले के प्रत्येक शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थान तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला संघ का विस्तार करते हुए इसमें विभिन्न समाजसेवियों एवं सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाना चाहिए।।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल में विद्यार्थियों के स्तर के अनुसार कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड तथा रोवर-रेंजर के विंग संचालित किए जाएं।। इसके लिए सर्वप्रथम प्रत्येक स्कूल में कम से कम एक स्काउट-गाइड प्रभारी होना सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित प्रभारी का पूरा डाटा जिला शाखा के पास उपलब्ध रहे।।

सेवा और नैतिक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम
भागवत शरण सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड सेवा और नैतिक शिक्षा का महत्वपूर्ण पायदान है।। वर्तमान समय में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ नैतिक शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सेवा भावना की भी आवश्यकता है।। स्काउट-गाइड इन मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में उतारने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।। उन्होंने स्काउट-गाइड के अंशदान आदि की जानकारी लेते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि अंशदान का उपयोग स्काउट-गाइड की गतिविधियों में ही हो।।

सेवा संकल्प में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश
जिला मुख्य आयुक्त ने सेवा संकल्प के माहभर चलने वाले आयोजन में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।। उन्होंने पौधरोपण सहित अन्य सेवा गतिविधियों में भी तेजी लाने तथा चिन्हित स्थलों पर वृहद स्तर पर पौधरोपण करने की बात कही।।

जल्द होगी जिले की वृहद बैठक
जिला आयुक्त स्काउट पदेन जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि जल्द ही जिला स्काउट-गाइड की वृहद स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों को आगामी बैठकों में प्रॉपर गणवेश के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए।।
प्रथम जिला मुख्य आयुक्त बनने पर सम्मान भागवत शरण सिंह का
बैठक के दौरान जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन तथा समस्त स्काउट-गाइड पदाधिकारियों ने भागवत शरण सिंह को जिले के प्रथम जिला मुख्य आयुक्त बनने पर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।।