शिक्षक संगठनों के साथ शिक्षा विभाग की बैठक, समस्याओं के निराकरण की तय हुई समय सीमा


सेवा पुस्तिका संधारण 10 जून तक, चिकित्सा प्रतिपूर्ति आवेदन 7 दिन में डीईओ को भेजना होगा

दुर्ग: जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला शिक्षा कार्यालय दुर्ग में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षक-कर्मचारी संगठनों की परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई। बैठक में स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए समय सीमा तय की गई।

10 जून तक संधारित होगी सेवा पुस्तिका
डीईओ अरविंद मिश्रा ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सेवा पुस्तिका और जीपीएफ पासबुक का संधारण 10 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। सेवा पुस्तिका संधारण के बाद कोष-लेखा कार्यालय से परीक्षण हेतु भेजने पर संगठनों को सूचना देने के लिए भी बीईओ को कहा गया है।

चिकित्सा प्रतिपूर्ति पर सख्त समय सीमा
चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों में बीईओ आवेदन मिलने के 7 दिन के भीतर जिला शिक्षा कार्यालय को भेजेंगे। जिला शिक्षा कार्यालय 3 दिन में आबंटन के लिए लोक शिक्षण संचालनालय को प्रस्ताव भेजेगा। आबंटन मिलने पर बीईओ को 7 दिन के भीतर संबंधित शिक्षक को भुगतान करना होगा। देरी होने पर बीईओ और प्रभारी लिपिक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

लिपिक पदस्थापना की मांग
बैठक में दुर्ग और धमधा के बीईओ ने अपने कार्यालय में लिपिक की पदस्थापना का आग्रह किया।

बैठक में सहायक संचालक सीमा नायक, बीईओ गोविंद शुक्ला दुर्ग, डालेन्द्र देवांगन पाटन, अथर्व शर्मा धमधा अपने स्थापना शाखा के प्रभारी लिपिक सहित मौजूद रहे। शिक्षक संगठनों से ओम प्रकाश पाण्डेय, गिरीश साहू, भानु प्रताप यादव, सतीश चन्द्राकर, चंचल द्विवेदी, अमितेश तिवारी, लिखन लाल भुआर्य, आनंद पाण्डेय, शैलेन्द्र साहू, लक्ष्मीकांत तिवारी, देवेंद्र कुमार साहू आदि उपस्थित थे। बैठक का संचालन मुख्य लिपिक सुखेंद्र देवांगन ने किया।