पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी कांकेर से गिरफ्तार


रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी अजय रक्सेल को पुलिस ने कांकेर से गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी हुई है।

प्रार्थी शुभम श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त की रात अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास गली में ले गया और अपने साथी हर्ष कोसले व एक अन्य के साथ मिलकर गाली-गलौज, मारपीट और चाकू से हमला किया। हमले में शुभम के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 454/2026, धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आरोपी कांकेर में छिपा है। टीम ने कांकेर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर प्रार्थी का दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू जब्त किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अजय रक्सेल पिता राज रक्सेल उम्र 24 साल, निवासी नवभारत प्रेस, रजबंधा मैदान, मौदहापारा का रहने वाला है। वह वर्ष 2022 में तेलीबांधा और 2023 में सिविल लाइन में मारपीट व आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।