नीट व प्रतियोगी परीक्षा पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग


युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़, सशक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करें सरकार – प्रांजल तिवारी

बेमेतरानीट सहित देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे बेरला रोड स्थित राजीव भवन, बेमेतरा में पत्रकार वार्ता आयोजित की। पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रांजल तिवारी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा परीक्षा व्यवस्था से उठा दिया है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है, लेकिन केंद्र सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव है, जिसके कारण युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सशक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू की करने की मांग की। अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिथिलेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। पत्रकार वार्ता में सेवादल अध्यक्ष दिनेश पटेल, पार्षद रीता पांडे , ललित विश्वकर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।