बीएसपी का “प्रोत्साहन” सम्मान समारोह, 180 मेधावी बच्चों को 13.80 लाख के पुरस्कार


भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा ठेका श्रमिकों के मेधावी बच्चों के लिए “प्रोत्साहन-प्रतिभा सम्मान समारोह 2024-25” का आयोजन महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जीएम प्रभारी (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) ए.बी. श्रीनिवास, जीएम प्रभारी (एचआर) संजय द्विवेदी, जीएम (एचआर-आईआर एवं ठेका श्रमिक प्रकोष्ठ) राजीव कुमार और जीएम (शिक्षा) शिखा दुबे उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि पवन कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार कठिन परिस्थितियों पर विजय पाकर बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देता है। यह बीएसपी प्रबंधन की सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

योजना में क्या है –
जीएम प्रभारी ए.बी. श्रीनिवास ने बताया कि इस योजना में 2 साल में कम से कम 3 माह सेवा पूरी करने वाले ठेका श्रमिकों के बच्चे शामिल हैं। कक्षा 8वीं में 50% से अधिक अंक पर 5 हजार, 10वीं पर 8 हजार और 12वीं पर 10 हजार रुपये दिए जाते हैं। इस वर्ष टाउनशिप से 260 और माइंस से 22 आवेदन आए थे।

सत्र 2024-25 में कुल 180 विद्यार्थियों को 13 लाख 80 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इनमें टाउनशिप के 55 छात्र कक्षा 8वीं, 54 छात्र 10वीं और 55 छात्र 12वीं के हैं, जबकि 16 विद्यार्थी माइंस क्षेत्र के हैं।

समारोह में भावना यादव, तन्मय राउत और विधि लोधी ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका रश्मि मिश्रा और महुआ चटर्जी ने किया।