बद्रीनारायण मीणा ने संभाला बस्तर रेंज के आईजी का पदभार


सुन्दरराज पट्टलिंगम एनआईए में बने आईजी, मिशन 2026 के लिए जताया आभार

जगदलपुर। बद्रीनारायण मीणा ने मंगलवार को औपचारिक रूप से बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सुन्दरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया, जो अब भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण एनआईए में पुलिस महानिरीक्षक की नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

पदभार ग्रहण समारोह में पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज कार्यालय में आयोजित समारोह में बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित बस्तर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सुन्दरराज पट्टलिंगम ने मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा जताया कि बस्तर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नए आईजी को भी वही समर्पण और सहयोग देंगे।

‘मिशन 2026 को मिलेगी और गति’: पट्टलिंगम
निवर्तमान आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने मिशन 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन में मिले सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मिशन 2026 भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की परिकल्पना है, जिसे बस्तर में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास के लिए आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में यह अभियान और गति पकड़ेगा।

पट्टलिंगम ने शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, पुलिस बल, सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के प्रति आभार जताया। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए जवानों और स्थानीय नागरिकों को श्रद्धांजलि भी दी।

‘शांति और विकास के लिए करेंगे काम’: मीणा
नवनियुक्त आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि वे पिछले वर्षों की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए सभी हितधारकों के साथ समन्वय में काम करेंगे। उन्होंने बस्तर में स्थायी शांति, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।