नवा रायपुर में जनजातीय इतिहास का डिजिटल संसार, 650 से अधिक मूर्तिशिल्पों में दिखती है बलिदानियों की गाथा


राज्योत्सव विशेष: शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय बना इतिहास, तकनीक और पर्यटन का प्रमुख केंद्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और उनका बलिदान अब आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंच रहा है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। यहां आने वाले लोगों को जनजातीय समाज के संघर्ष, संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संग्रहालय को राष्ट्र को समर्पित किया था। लगभग 50 से 55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह संग्रहालय जनजातीय इतिहास को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदर्शित करने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जनजातीय कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में इसका निर्माण किया गया है।

650 से अधिक मूर्तिशिल्पों में दर्ज है संघर्ष का इतिहास

जनजातीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में स्थापित इस संग्रहालय की दीर्घाओं में 650 से अधिक जीवंत मूर्तिशिल्पों के माध्यम से जनजातीय विद्रोहों और स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं को दर्शाया गया है। इनमें हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भोपालपट्टनम विद्रोह, परलकोट विद्रोह, तारापुर विद्रोह, लिंगागिरी विद्रोह, कोई विद्रोह, मेरिया विद्रोह, मुरिया विद्रोह, रानी चौरिस विद्रोह, भूमकाल विद्रोह और सोनाखान विद्रोह प्रमुख हैं। इसके अलावा झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह के लिए भी विशेष दीर्घाएं बनाई गई हैं।

सोनाखान के शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक जनजातीय नायकों के संघर्ष को यहां विशेष स्थान दिया गया है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह समझने का अवसर मिलता है कि स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ के वनांचलों और जनजातीय समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

वीएफएक्स और डिजिटल तकनीक से मिलता है इतिहास का अनुभव

संग्रहालय की खासियत यहां इस्तेमाल की गई आधुनिक तकनीक है। वीएफएक्स, डिजिटल प्रोजेक्शन, दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतियों और जीवंत मूर्तिशिल्पों के जरिए ऐतिहासिक घटनाओं को इस तरह दिखाया गया है कि दर्शक उस दौर के संघर्ष को महसूस कर सकें।

प्रत्येक दीर्घा में डिजिटल सूचना बोर्ड और क्यूआर कोड की व्यवस्था है। मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर आगंतुक संबंधित ऐतिहासिक घटनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षित गाइड भी संग्रहालय में प्रदर्शित जनजातीय विद्रोहों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के बारे में जानकारी देते हैं।

आगंतुकों के लिए उपलब्ध हैं जरूरी सुविधाएं

संग्रहालय परिसर में स्वच्छ पेयजल, पार्किंग, सीसीटीवी सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और शिशुवती माताओं के लिए शिशु देखभाल कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए संग्रहालय का भ्रमण सुविधाजनक बनाया गया है।

तीन लाख से अधिक लोग देख चुके हैं संग्रहालय

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संग्रहालय में सामान्य दिनों में प्रतिदिन एक से दो हजार और अवकाश के दिनों में चार से पांच हजार तक दर्शक पहुंच रहे हैं। इसके शुभारंभ के बाद से अब तक तीन लाख से अधिक लोग इसका अवलोकन कर चुके हैं।

सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरीकॉम सहित विभिन्न राज्यों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, सैन्य जवान तथा विदेशी पर्यटक भी संग्रहालय का भ्रमण कर चुके हैं।

इतिहास के साथ पर्यटन को भी मिल रहा विस्तार

यह संग्रहालय केवल ऐतिहासिक घटनाओं को जानने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए शिक्षा एवं शोध का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यहां के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय समाज के योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके बलिदान को समझने का अवसर मिल रहा है।

साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के कारण नवा रायपुर में सांस्कृतिक पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करता यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान दे रहा है। नवा रायपुर में स्थापित यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उन वीरों की गाथाओं से परिचित कराने का माध्यम बन रहा है, जिन्होंने स्वतंत्रता और अपने जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया।