नुआखाई महोत्सव में प्रदेश भर के कलाकारों ने बिखेरी छटा, चीरहरण नृत्य के लिए काव्या को प्रथम पुरस्कार


भिलाई। अखिल भारतीय उड़िया समाज द्वारा रविवार को सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में नुआखाई महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रदेश अध्यक्ष जेएम तांडी के नेतृत्व और महासचिव तरुण निहाल के संयोजन में आयोजित प्रदेश स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़-ओडिशा की संस्कृति का संगम देखने को मिला।

महोत्सव में मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल और अध्यक्षता पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम कल्याण मंडल उपाध्यक्ष किशोर महानंद, भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग अध्यक्ष मनीष पांडेय, सर्वसमाज कल्याण समिति उपाध्यक्ष जोगाराव, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जगन्नाथ के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई।

काव्या ने जीता दिल, मिले 15 हजार
प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, जोरातराई, अहिवारा, सुपेला, जशपुर, केसिंगा, बिलासपुर, बस्तर, जगदलपुर, कोरबा, रायगढ़, महासमुंद, सरायपाली, नागपुर, उड़ीसा समेत कई जगहों से कलाकार पहुंचे थे।
ओडिशा से आई काव्या देवांगन ने चीरहरण नृत्य से सबका दिल जीतते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। उन्हें पारख ज्वेलर्स की ओर से 15 हजार रुपए नगद दिया गया। द्वितीय पुरस्कार जगन्नाथ ग्रुप को मां काली स्वरूप नृत्य के लिए 11 हजार और तृतीय पुरस्कार लोकधारा ग्रुप को 7 हजार रुपए मिला। इसके अलावा दिव्यांशी, ऋषिता, नम्रता, विनय गायकवाड़, हर्षिता, ईशिका, मुस्कान, मयंक, हर्षल, अंचल साहू, अमिता ग्रुप सहित अन्य को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

अतिथियों ने दी एकजुटता की सीख
सांसद विजय बघेल ने कहा कि उड़िया समाज के लोग सरल, भावुक और मेहनती होते हैं। समाज को एकजुट रखना बड़ी बात है। नुआखाई उड़ीसा का प्रमुख पर्व है। पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि एबीयूएस का प्रयास सराहनीय है, ऐसे आयोजनों से समाज में एकता दिखती है।

मां काली और चीरहरण ने बांधा समां
रायपुर के जगन्नाथ ग्रुप के मां काली नृत्य और काव्या के चीरहरण पर कला मंदिर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। छत्तीसगढ़ी गीतों पर भी कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष दीनबंधु तांडी, संरक्षक कृष्णा सोना, संजय सोनवानी, उपाध्यक्ष कैलाश तांडी, दुर्ग जिला अध्यक्ष अजय कुमार लुहा, महिला विंग अध्यक्ष जयंती महानंद, महामंत्री मोंटू हरपाल, मनोज दुर्गा, भिलाई शहर अध्यक्ष पूरन नायक, राम भजन विभार, संदीपा तांडी, अर्जुन महानंद, कविता तांडी, विदुर तांडी, सुभद्रा सेठिया, धरम हरपाल, प्रीतम हरपाल, सुमित सोना, उमेश बाग, जगन्नाथ जाल सहित समाज के पदाधिकारी मौजूद थे।