खैरागढ़ में इंदिरा आवास के 80 से 100 परिवार परेशान, रास्ता और स्ट्रीट लाइट के लिए मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


00 पूर्व पार्षद प्रीति यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे वार्डवासी, नवीन कन्या महाविद्यालय निर्माण से बंद हो सकता है आवागमन का मौजूदा रास्ता,

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ :
इंदिरा आवास में रहने वाले लगभग 80 से 100 गरीब परिवारों की समस्याओं को लेकर वार्डवासियों ने पूर्व पार्षद प्रीति यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम सुरेन्द्र ठाकुर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।। ज्ञापन के माध्यम से इंदिरा आवास तक पहुंचने के लिए स्थायी आवागमन मार्ग और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जल्द कराने की मांग की गई है।।यह आवास नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 के अंतर्गत आता है।। वार्डवासियों का कहना है कि शासन की आवास योजना के तहत इंदिरा आवास में अनेक गरीब परिवार निवास कर रहे हैं।। इनमें छोटे बच्चे, बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांगजन के साथ स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं।। इसके बावजूद आवास तक पहुंचने के लिए आज तक समुचित सड़क की व्यवस्था नहीं हो पाई है।। लोगों को अस्थायी और पथरीले रास्ते से आवागमन करना पड़ता है, जिससे उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।।

नवीन कन्या महाविद्यालय निर्माण से रास्ता बंद होने की आशंका
वार्ड वासियों ने सौपे ज्ञापन में बताया गया है कि इंदिरा आवास तक पहुंचने के लिए वर्तमान में जिस अस्थायी रास्ते का उपयोग किया जा रहा है, उसके आसपास नवीन कन्या महाविद्यालय का निर्माण कार्य हो रहा है।। ऐसे में मौजूदा रास्ता बंद होने की आशंका है।। यदि वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई, तो यहां रहने वाले परिवारों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।।

अंधेरे और गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा
वार्डवासियों के अनुसार, सड़क और स्ट्रीट लाइट के अभाव में रात के समय आवागमन करना बेहद मुश्किल हो जाता है।। रास्ते में गड्ढे और अंधेरा होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों तथा अन्य लोगों को गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है।। वहीं, आपात स्थिति में बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने और रोजी-मजदूरी के लिए शहर आने-जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।।

लोगों का कहना है कि शासन की आवास योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आवास के साथ बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी सुरक्षित सड़क, रोशनी और सुगम आवागमन हर परिवार की बुनियादी जरूरत है।

मुख्यमंत्री से शीघ्र कार्रवाई की मांग
मंगलवार 13 अक्टूबर 2026 को दिए गए ज्ञापन में मुख्यमंत्री से वार्ड क्रमांक 20 स्थित इंदिरा आवास के परिवारों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सड़क और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की गई है।। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, संबंधित निर्माण विभाग के कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी भेजी गई है।। अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारी इन परिवारों की समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेते हैं और इंदिरा आवास के रहवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा कब तक उपलब्ध हो पाती है।।