कल्याण कॉलेज भिलाई में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 500 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा


भिलाई/दुर्ग। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने कल्याण महाविद्यालय भिलाई में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल रहे। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा, डॉ. अनुपमा अस्थाना, प्रभारी छात्रसंघ डॉ. ईश्वर सिंह बरगाह सहित शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे।

साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी डॉ. संकल्प राय ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि साइबर ठग विश्वास, भय या लालच का सहारा लेकर OTP, UPI PIN, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं। अनजान लिंक, QR कोड और फर्जी ऑफर से बचने की सलाह दी गई।

एसएसपी की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने छात्रों से अपील की कि बैंकिंग से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी जैसे OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV किसी से साझा न करें। किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले सत्यापन जरूर करें और खुद जागरूक होने के साथ परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

उन्होंने बताया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचना दें। त्वरित सूचना से ठगी की राशि को रोका जा सकता है।