वार्ड-22 के दरी तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग, भाजपा नेता भानुप्रताप सिंह ने सौंपा ज्ञापन


भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-2 वैशाली नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 22 कुरूद बस्ती स्थित दरी तालाब (मां शीतला तालाब) के सौंदर्यीकरण एवं विकास को लेकर भाजपा नेता भानुप्रताप सिंह की अगुवाई में निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

भानुप्रताप सिंह ने बताया कि दरी तालाब क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण जलस्रोत होने के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना एवं अर्घ्य देने पहुंचते हैं। लेकिन वर्तमान में तालाब के चारों ओर साफ-सफाई और समुचित विकास कार्य नहीं होने से गंदगी का आलम है, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तालाब के चारों ओर पाथवे का निर्माण, हाई-मास्ट लाइट की स्थापना तथा आवश्यक साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाए।

भानुप्रताप सिंह ने कहा कि सौंदर्यीकरण से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। निगम प्रशासन ने मांग पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।