फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में अब तक 6 गिरफ्तार, जेल जाने से पहले दो आरोपी डॉक्टर अस्पताल में भर्ती


बलौदाबाजार। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलारी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पहले चार गिरफ्तार, दो डॉक्टर बने मरीज
पुलिस ने 22 अगस्त को इस मामले में ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें डॉक्टर करण देवांगन और डॉक्टर राजेश सेन शामिल हैं।

गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच के लिए ले जाने पर दोनों डॉक्टरों ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की। पलारी अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। इसको लेकर शहर में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि सामान्य स्थिति में आरोपियों को जेल भेजा जाता है, लेकिन इस मामले में आरोपी खुद मरीज बन गए।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि पलारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भर्ती किया गया था। अब दोनों की स्थिति ठीक है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

आज दो और आरोपी गिरफ्तार
इसी मामले में विवेचना आगे बढ़ाते हुए पलारी पुलिस ने रविवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी परख कश्यप पिता महेंद्र कुमार कश्यप (36) निवासी सिविल लाइन बलौदाबाजार और प्रणव अवस्थी पिता कृष्णा अवस्थी (30) निवासी ग्राम रिसदा, गांधी चौक को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
एसपी गौरव राय के मार्गदर्शन में पुलिस पूरे नेटवर्क, फर्जी दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।