धमतरी: मुजगहन हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 सलाखों के पीछे


धमतरी। ग्राम मुजगहन में हुए चर्चित दीपांशु साहू हत्याकांड में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार 23 अक्टूबर को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार स्प्रिंगदार चाकू, डंडा और कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुरानी रंजिश में हुआ खूनी संघर्ष

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चल रही जांच के अनुसार घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच की है। प्रार्थी ऐकेश्वर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश के चलते रत्नाबांधा और पंचवटी कॉलोनी के युवकों ने सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर दीपांशु साहू और विकास साहू को घेर लिया। हमलावरों ने डंडे और धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपांशु को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विकास साहू का उपचार जारी है।

आज गिरफ्तार हुए आरोपी

पुलिस ने 23 अक्टूबर को रत्नाबांधा (थाना सिटी कोतवाली) निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया –

  1. शंकर नागरची (19 वर्ष), पिता पुनीत नागरची
  2. तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष), पिता दिनेश नागरची
  3. धनेश्वर नागरची (22 वर्ष), पिता पुनीत नागरची

इनके पास से 1 स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और कपड़े जब्त किए गए हैं।

पहले पकड़े जा चुके हैं 4 आरोपी

वारदात के अगले ही दिन 22 अक्टूबर को पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था –

  • फनेश्वर नेताम (18 वर्ष)
  • रितेश नेताम (22 वर्ष)
  • लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष)
  • नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष)

अर्जुनी पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की विवेचना व साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।