हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सांई म्यूजिकल ग्रुप इंडिया द्वारा आयोजित भव्य ‘जय हिंद महोत्सव’ संगीत, सम्मान और समाज सेवा की भावना का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली गायकों की मधुर प्रस्तुतियों के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को ‘जय हिंद सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग जिले के सांसद विजय बघेल रहे। अध्यक्षता दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर अलका बाघमार ने की। कार्यक्रम में डॉ. मुकुंद साव, रौशन मेहंदी भाई समनानी, डॉ. प्रज्ञा सिंह, अफताब खान, सरमद इमाम, सहाना कुरैशी, शबनम खान, रत्ना नारमदेव, गफ्फार खान सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, कलाकार, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
संगीत के बीच हुआ कर्मयोगियों का सम्मान
‘जय हिंद महोत्सव’ की विशेषता यह रही कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं था। गायकों की संगीत प्रस्तुतियों के बीच समाज के कर्मयोगियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि समाज में ऐसे अनेक लोग हैं जो नौकरी, व्यवसाय और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा, चिकित्सा, खेल, पत्रकारिता, कला, साहित्य और जरूरतमंदों की सेवा में योगदान दे रहे हैं। ऐसे लोगों को समाज के सामने लाकर सम्मानित करना और दूसरों को प्रेरित करना ही इस महोत्सव का उद्देश्य है।
कार्यक्रम की परिकल्पना सांई म्यूजिकल ग्रुप के डायरेक्टर हाजी मिर्ज़ा साजिद की थी, जिसे संयोजक कैलाश जैन बरमेचा ने व्यापक रूप दिया।
इन क्षेत्रों के कर्मयोगी हुए सम्मानित
समारोह में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, रक्षा सेवा, पत्रकारिता, खेल, चिकित्सा, योग, शिक्षा, साहित्य, धार्मिक एवं सामाजिक जागरण और दिव्यांग सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के कर्मयोगियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में रश्मि अग्रवाल, आकांक्षा मिश्रा, डॉ. भावना दिवाकर, योगेंद्र शर्मा ‘बंटी’, हरप्रीत सिंह, अश्वनी कुमार, प्रदीप पांडे, संगीता मिश्रा, कृष्णा साहू, धनराज निर्मलकर, हेमलता देशमुख, नारायण चंद्राकर, बृजमोहन खंडेलवाल, मृदुला रोजिंदर, डॉ. रजनी नेल्सन, डॉ. नीता शर्मा, सी.ए. संतोष जैन, स्वर्गीय चैनसुख भट्टड़, सत्यम सिंह, गोपाल यादव, इस्माइल चौहान, ईष्टपाल सिंह भाटिया, विभा मिश्रा, प्रीति अजय बेहरा, स्मिता सिंह, डॉ. विनीता धुर्वे, गुरमीत कौर धनाई, डॉ. निर्मला गुप्ता, डॉ. रूमीना खान और मिर्ज़ा इसराईल बेग ‘शाद’ बिलासपुरी शामिल रहे।
जो सम्मानित व्यक्ति उपस्थित नहीं हो सके, उनके सम्मान उनके परिजनों को प्रदान किए गए।
संगीत ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित लोगों ने संगीत और सम्मान की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘जय हिंद महोत्सव’ का संदेश:
“संगीत की सुरमयी शाम, समाज के कर्मयोगियों के नाम।”