हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

पाटन। सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त 2026 को बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन के संयोजक श्री जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पाटन से टोलाघाट तक भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। लगातार हो रही बारिश के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। हाथों में कांवर लिए श्रद्धालु “बोल बम, हर हर महादेव” के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे।

ओग्गर तालाब से हुआ शुभारंभ
यात्रा की शुरुआत पाटन के ओग्गर तालाब में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के साथ हुई। इसके बाद हजारों की संख्या में शिवभक्त कांवर लेकर टोलाघाट के लिए रवाना हुए। यात्रा में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग सहित सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। DJ पर बज रहे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए।
कांवर यात्रा संयोजक श्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि यह यात्रा आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। बारिश ने शिवभक्तों के हौसले को तोड़ने के बजाय उनकी श्रद्धा को और मजबूत किया।

महाप्रसाद और सांस्कृतिक प्रस्तुति
टोलाघाट पहुंचने पर “एक मुट्ठी दान भगवान शंकर के नाम” अभियान के तहत एकत्रित अन्न से महाप्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक आयोजन के साथ प्रसिद्ध गायक जितेंद्र साहू द्वारा “सोनहा बादर” की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई, जिसने बारिश के बीच भी माहौल भक्तिमय बना दिया।

जनप्रतिनिधि हुए शामिल
इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर, साजा के पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और स्वयंसेवक उपस्थित थे।
श्री वर्मा ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिवभक्तों, सेवा दलों, व्यापारी बंधुओं और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पूरे मार्ग में सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई थी।
