विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के हाथों सम्मानित हुए कैलाश जैन बरमेचा


साहित्य, पत्रकारिता और समाजसेवा में बहुआयामी योगदान के लिए मिला गौरव

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यप्रेमी, पत्रकार और समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा को 05 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के करकमलों से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य के संरक्षण, संवर्धन और समाज में साहित्यिक चेतना के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह विधानसभा अध्यक्ष के सभागार में अगासदिया एवं वैभव प्रकाशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के अवसर पर हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने की। इस दौरान कैलाश जैन बरमेचा को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल, पुष्पमाला और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

बहुआयामी व्यक्तित्व
कैलाश जैन बरमेचा दैनिक छत्तीसगढ़ राजधानी रिपोर्टर के प्रबंध संपादक और ‘नई दृष्टि बिंदु’ के सलाहकार संपादक हैं।
इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग संगठन के अध्यक्ष, कई संगीत संस्थाओं के संरक्षक और प्रदेश की अनेक सामाजिक, साहित्यिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हैं।

साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों और समाजसेवियों को मंच उपलब्ध कराने, उन्हें सम्मानित करने और उनकी रचनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनका योगदान लगातार सराहा जाता रहा है। वे मानते हैं कि साहित्य और संस्कृति ही समाज को संस्कारित करने की सबसे बड़ी शक्ति है।

“यह सम्मान पूरे प्रदेश के साहित्यकारों का है”
सम्मान ग्रहण करने के बाद श्री बरमेचा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि दुर्ग सहित पूरे छत्तीसगढ़ के साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों और समाजसेवियों का सम्मान है।

उन्होंने अपनी साहित्यिक यात्रा की पहली प्रेरणा वरिष्ठ साहित्यकार नवेद रजा ‘दुर्गवी’ को दी। साथ ही सहयोगी जाहिद अली, प्रेरणास्रोत डॉ. रजनी नेल्सन और डॉ. परदेसीराम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने डॉ. रमन सिंह, मंत्री टंकराम वर्मा, आयोजन समिति और उपस्थित सभी अतिथियों का भी धन्यवाद किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और साहित्य की सेवा के लिए और अधिक समर्पण से काम करने की प्रेरणा देगा।

समारोह में प्रदेश के अनेक साहित्यकार, शिक्षाविद, पत्रकार और समाजसेवी उपस्थित रहे। श्री बरमेचा को सम्मान मिलने पर प्रदेशभर से बधाई और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।