मीडिया से सीधा संवाद: निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने बताई भिलाई की विकास प्राथमिकताएं


जलभराव, स्वच्छता, पेयजल और राजस्व वृद्धि पर फोकस, हर सोमवार होगी जनसुनवाई

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने शुक्रवार को निगम सभागार में शहर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस परिचयात्मक बैठक में उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और आगामी प्राथमिकताओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में 50 से अधिक मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं और नागरिक समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे गए। आयुक्त ने सभी प्रश्नों का तथ्यपरक उत्तर देते हुए निगम की भावी कार्ययोजना साझा की।

नागरिक सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर
आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि निगम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं देना है। इसके लिए पेयजल, स्वच्छता, सड़क, जलनिकासी और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने कहा कि जहां-जहां जलभराव की समस्या है वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।

बीएसपी से समन्वय और नई योजनाएं
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने कहा कि बीएसपी प्रबंधन से नियमित चर्चा कर समन्वय स्थापित किया जाएगा। विशेष रूप से बीएसपी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति में सुधार और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम होगा।
प्रमुख घोषणाएं और योजनाएं:

  • जनसुनवाई: हर सोमवार सुबह 10 से 12 बजे निगम कार्यालय में नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी और त्वरित निराकरण किया जाएगा।
  • पारदर्शिता: लंबित फाइलों की समीक्षा कर विलंब के कारण दूर किए जाएंगे। निगम की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने ई-ऑफिस प्रणाली 100 प्रतिशत लागू की जाएगी।
  • राजस्व वृद्धि: करों की समयबद्ध वसूली और निगम की दुकानों की पारदर्शी नीलामी से आय बढ़ाने के प्रयास होंगे।
  • स्वच्छता: भिलाई को ‘मिशन क्लीन सिटी’ में शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि शासन से वित्तीय सहायता मिल सके। शहर की सफाई के लिए नई कार्ययोजना बन रही है।
  • पेयजल: शहर में पर्याप्त और नियमित पेयजल के लिए नई पानी टंकियों के निर्माण की योजना पर काम होगा।
  • अन्य कार्य: शहीद पार्क सेक्टर-5 का बेहतर संचालन, एनयूएलएम योजनाओं को गति देना और संजय नगर तालाब का सौंदर्यीकरण प्राथमिकता में हैं।
  • पार्किंग: शहर के प्रमुख मॉलों में पार्किंग शुल्क और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा कर पहल की जाएगी।
    निगम-मीडिया समन्वय पर जोर
    संवाद के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने जलभराव, स्वच्छता, पेयजल, कर वसूली, पार्किंग और बीएसपी क्षेत्र की समस्याओं पर सवाल रखे। आयुक्त ने सभी का विस्तार से जवाब देते हुए कहा कि नगर निगम पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के साथ शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
    उन्होंने कहा कि निगम और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से नागरिकों तक विकास कार्यों की सही जानकारी पहुंचाई जा सकेगी।
    इस अवसर पर निगम के अधिकारी और जनसंपर्क विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित थे।